कुनिहार:-
सोलन जिला के अंतर्गत महाराजा पदम सिंह मेमोरियल खेल मैदान कुनिहार में बुधवार को 17वीं राष्ट्रीय पेसापालो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी राजेंद्र ठाकुर ने किया।
प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र सहित देश के आठ राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान सीनियर मिक्स, जूनियर बॉयज तथा जूनियर गर्ल्स वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश पेसापालो एसोसिएशन के महासचिव डॉ. रमेश ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पेसापालो खेल को बढ़ावा देना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से आई टीमों की भागीदारी से खिलाड़ियों को अनुभव साझा करने और अपनी खेल क्षमता को निखारने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं पेसापालो फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव चेतन फगवाड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर चयन समिति विशेष नजर रखेगी। इन खिलाड़ियों के लिए कुनिहार में ही 12 से 16 जून तक राष्ट्रीय स्तर का कोचिंग शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से करीब 80 खिलाड़ी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इस शिविर के बाद 48 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो 2 अक्टूबर 2026 से ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित होने वाले पेसापालो वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे में कुनिहार में आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।






