दाड़लाघाट:- पंचायत दाड़लाघाट स्थित श्री बाडू बाड़ा मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के चौथे दिवस कथाव्यास हरि जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को शिव भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं और सच्चे मन से की गई आराधना कभी व्यर्थ नहीं जाती। कथा के दौरान हरि जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान शिव सदैव अपने भक्तों के कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण हमें त्याग, तपस्या, करुणा और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। भगवान शिव ने सदैव लोक कल्याण को सर्वोपरि रखा और यही संदेश शिव महापुराण के माध्यम से समाज को मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य को अपने जीवन में धर्म, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता है। शिव महापुराण का श्रवण मन को शांति प्रदान करता है तथा व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। कथा श्रवण से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति सत्य एवं धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया। वहीं रात्रि में आयोजित भजन-कीर्तन में भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पंचायत प्रधान दाड़लाघाट एवं मंदिर कमेटी सचिव श्याम सिंह चौधरी ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा 17 जून तक चलेगी। प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक मूल पाठ, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। 17 जून को महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। कथा में अंबुजा अदाणी सीमेंट के नॉर्थ जोन सीएमओ संदीप सीरह, पूर्व अध्यक्षा पंचायत समिति कुनिहार सोमा कौंडल, अंबुजा फाउंडेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा, अनिल मदान, रामकृष्ण बंसल, पंचायत प्रधान दाड़लाघाट एवं मंदिर कमेटी सचिव श्याम सिंह चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, नरेश, कमल ठाकुर, पुष्पेंद्र शर्मा, कमल कोंडल, हेमराज गौतम, ओम प्रकाश शर्मा, रमेश चंदेल, रमेश ठाकुर, जय देव ठाकुर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।






