Home » Uncategorized » ज्योशी मान में निगमागम प्रतिष्ठान न्यास द्वारा श्री शीतला माता मंदिर समिति ज्योशी मान के सहयोग से पांच दिवसीय दर्श-पौर्णमास-इष्टि प्रशिक्षण विषयक राष्ट्रीय वेद कार्यशाला का आयोजन

ज्योशी मान में निगमागम प्रतिष्ठान न्यास द्वारा श्री शीतला माता मंदिर समिति ज्योशी मान के सहयोग से पांच दिवसीय दर्श-पौर्णमास-इष्टि प्रशिक्षण विषयक राष्ट्रीय वेद कार्यशाला का आयोजन

Share:

दाड़लाघाट :- सोलन जिला की अर्की तहसील के गांव ज्योशी मान में निगमागम प्रतिष्ठान न्यास द्वारा श्री शीतला माता मंदिर समिति ज्योशी मान के सहयोग से पांच दिवसीय दर्श-पौर्णमास-इष्टि प्रशिक्षण विषयक राष्ट्रीय वेद कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 11 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान तथा जम्मू सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 20 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस दौरान प्रतिभागियों को प्राचीन वैदिक सभ्यता और वैदिक यज्ञों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक के रूप में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के आचार्य एवं आहिताग्नि डॉ. ओमकार यशवंत सेलुकर अपनी धर्मपत्नी सहित उपस्थित हैं। वे प्रतिदिन प्रातः एवं सायं अग्निहोत्र संपन्न कराने के साथ-साथ प्रतिभागियों को वैदिक यज्ञों के सिद्धांतों एवं उनकी वैज्ञानिकता की जानकारी दे रहे हैं। वहीं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय देवप्रयाग परिसर उत्तराखंड से आए डॉ. अंकुर वत्स सह-प्रशिक्षक के रूप में विभिन्न प्रयोगात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को वैदिक यज्ञों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। कार्यशाला के दौरान स्थानीय ग्रामवासी भी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। ग्रामीण प्रतिदिन श्रीसूक्त हवन में भाग लेने के साथ-साथ भजन संध्या का आयोजन भी कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। निगमागम प्रतिष्ठान न्यास के सचिव डॉ. रणजीत शर्मा ने बताया कि न्यास समाज में वैदिक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वैदिक श्रौत यज्ञ लंबे समय से देखने को नहीं मिले हैं। न्यास द्वारा आयोजित यह तीसरा ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें श्रौत यज्ञ के साथ-साथ प्रतिभागियों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी को वैदिक परंपराओं और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में सहायता मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *