Home » Uncategorized » कसौली में 225 करोड़ की पेयजल व सिंचाई योजनाएं अंतिम चरण में : मुकेश अग्निहोत्री

कसौली में 225 करोड़ की पेयजल व सिंचाई योजनाएं अंतिम चरण में : मुकेश अग्निहोत्री

Share:

कसौली पवन सिंघ:-

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपये की सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में प्रगति पर है। वह कसौली विधानसभा क्षेत्र के कुमारहट्टी में आयोजित ‘आभार सभा’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों के विकास की मजबूत कड़ी होते हैं और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने बताया कि कसौली विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गिरी पेयजल आपूर्ति योजना का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना के पूर्ण होने पर 17 ग्राम पंचायतों के लगभग 180 गांवों के 55 हजार लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 4.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पट्टा बरावरी सिंचाई योजना का कार्य भी तेजी से चल रहा है। योजना के पूरा होने पर 10 गांवों की लगभग 116 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा 1.15 करोड़ रुपये की लागत से हरिपुर सिंचाई योजना का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे 8 गांवों की 54 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि एशियन विकास बैंक के सहयोग से 38 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का कार्य भी कसौली क्षेत्र में जारी है, जिससे 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी। वहीं 47 करोड़ रुपये की लागत से परवाणू सीवरेज योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। योजना के प्रथम ज़ोन का कार्य पूरा हो चुका है तथा दूसरे ज़ोन का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि ग्राम पंचायत चेवा को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा।
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा ग्राम पंचायतों के विकास के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।इस अवसर पर ग्राम पंचायत चेवा प्रधान रमेश चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विनय कुमार, विनोद जिंटा, महेश्वर सिंह चौहान, अनुराग शर्मा, मुकेश शर्मा, सुरेंद्र सेठी, जतिन साहनी, शोभित बहल, अरविंद गुप्ता, राजेंद्र ठाकुर, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, उप पुलिस अधीक्षक परवाणू अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *