दाड़लाघाट:- अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत रक्तदान जीवनदान अभियान के अंतर्गत आयोजित 4 दिवसीय रक्तदान शिविर का शुभारंभ अंबुजा ऑडिटोरियम रौड़ी स्थित अदाणी अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के सभागार में किया गया। शिविर का उद्घाटन चीफ प्लांट मैनेजर सुनील कुमार चौधरी,एचआर प्रमुख पदमनभ शर्मा,.अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट संजय शर्मा, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर भुवेश गुलेरिया तथा एम्स बिलासपुर के चिकित्सकों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य परियोजना कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। शिविर के पहले दिन ही 100 से अधिक लोगों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं में कंपनी के कर्मचारी, ट्रक चालक, सुरक्षा विभाग के कर्मी, युवा वर्ग तथा आसपास के गांवों के लोग शामिल रहे। इस दौरान लेडीज क्लब की सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिससे कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। वहीं क्षेत्र के समाजसेवी नरेश शर्मा, खेमराज ठाकुर, दिनेश, मदन सहित अन्य स्थानीय लोगों ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दिया। क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा ने बताया कि यह 4 दिवसीय रक्तदान शिविर 19, 22 एवं 23 जून 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।






