Home » Uncategorized » युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित कर उन्हें नशे से दूर रखना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता:-संजय अवस्थी

युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित कर उन्हें नशे से दूर रखना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता:-संजय अवस्थी

Share:

दाड़लाघाट:-अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाड़लाघाट अस्पताल में मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को भरने के लिए उच्च स्तर पर मामला उठाया जाएगा तथा नागरिक अस्पताल अर्की की तर्ज पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। वे ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित कर उन्हें नशे से दूर रखना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति व्यवहारिक रूप से जागरूक किया जा रहा है तथा उन्हें खेलों व शारीरिक व्यायाम की ओर प्रेरित किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क नेटवर्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट में खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर लिया गया है और इसकी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें स्थापित की जाएंगी तथा युवाओं के लिए पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *