Home » Uncategorized » ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ (कुठाड़) में वित्तीय समावेशन एवं जन-जागरूकता शिविर आयोजित

ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ (कुठाड़) में वित्तीय समावेशन एवं जन-जागरूकता शिविर आयोजित

Share:

कुठाड़ पवन सिंघ:-

वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग के मार्गदर्शन में संचालित “वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान” के अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ (कुठाड़) में एक विशेष वित्तीय समावेशन एवं जन-जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ते हुए बैंकिंग, बीमा, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार के निदेशक विवेक गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं यूको बैंक सोलन अंचल की अंचल प्रमुख पूजा चंद, अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक सोलन तमन्ना मोदगिल, शाखा प्रबंधक यूको बैंक कुठाड़ हेमराज, शाखा प्रबंधक यूको बैंक चंडी अमित ठाकुर, ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के प्रधान पुष्पेंद्र कुमार, उप प्रधान नरेंद्र बबलू सहित विभिन्न बैंकों एवं विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक विवेक गुप्ता ने कहा कि वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन केवल बैंक खाते खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को बीमा, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर उन्हें सुरक्षित भविष्य प्रदान करना भी इसका अहम हिस्सा है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर भी बल दिया।
इस अवसर पर यूको बैंक सोलन की अंचल प्रमुख पूजा चंद ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं को प्रत्येक नागरिक तक सरल, सुलभ एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना सभी बैंकों की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने, निष्क्रिय खातों के पुनर्सक्रियकरण, नामांकन, री-केवाईसी तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है। अग्रणी जिला प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने नागरिकों को फर्जी कॉल, संदेश, लिंक एवं मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से होने वाली साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा संबंधित बैंक शाखा से तुरंत संपर्क करने की अपील की। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सीकेवाईसी, री-केवाईसी, नामांकन सुविधा, निष्क्रिय खातों के पुनर्सक्रियकरण, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता संबंधी जानकारी एवं सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से जोड़ने, आधार सीडिंग एवं खातों के अद्यतन संबंधी सहायता भी प्रदान की गई। शिविर में लगभग 100 स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग और विभिन्न बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया। कार्यक्रम के अंत में पूजा चंद ने जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न बैंक शाखाओं, बैंक मित्रों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *