बढलग (सोलन) पवन सिंघ:-
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बढलग में शुक्रवार को मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने मार्च 2026 में आयोजित वार्षिक परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से “स्टडी टेबल” भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य की इस प्रेरणादायक पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों को पहले ही लक्ष्य दिया था कि जो छात्र-छात्राएं 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप स्टडी टेबल प्रदान की जाएगी। इसी संकल्प को पूरा करते हुए विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में दीपिका और मोहित ने 90.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं सिमरन ने 96.71 प्रतिशत, दिव्यांशी ने 95.71 प्रतिशत, आयुषी ने 95 प्रतिशत, रीतिका ने 93 प्रतिशत तथा सौरव ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के तीन अन्य विद्यार्थी, जो बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद स्कूल छोड़ चुके हैं, उन्हें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें नीतिश ने 95.40 प्रतिशत, मानसी ने 94 प्रतिशत तथा पंकज ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने कहा कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के समस्त अध्यापकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की मेहनत को दिया।
विद्यालय के अध्यापक वर्ग, सदस्यों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधानाचार्य की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। स्कूल स्टाफ में महेन्द्र सिंह, कमलेश कुमारी, मीना कुमारी, सुभाष चंद, पदम देव, ईश्वर दत्त, राजीव, रीता, कविता, बबीता, लाजो देवी, शिल्पा, ज्योति, धर्मपाल, प्रकाश चंद एवं नीता कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






