Home » Uncategorized » पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण एवं प्राकृतिक खेती जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण एवं प्राकृतिक खेती जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Share:

दाड़लाघाट:- किसान मोर्चा मंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरायली के बरायली बूथ नंबर-32 में पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण एवं प्राकृतिक खेती जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं किसानों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों और प्राकृतिक खेती के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में संत राम, निशांत, नरेंद्र तथा महेंद्र ठाकुर शामिल रहे। अतिथियों ने किसानों की मेहनत और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष सोलन रत्न सिंह पाल, पूर्व विधायक गोबिंद राम तथा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राकेश गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है और इससे किसानों की लागत कम होने के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को भी लाभ पहुंचता है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं, किसान भाइयों एवं महिलाओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *