Home » Uncategorized » संस्कार पब्लिक स्कूल भूमती में फ्लाइंग ऑफिसर मयंक शर्मा का प्रेरणादायक संबोधन

संस्कार पब्लिक स्कूल भूमती में फ्लाइंग ऑफिसर मयंक शर्मा का प्रेरणादायक संबोधन

Share:

अर्की:-

संस्कार पब्लिक स्कूल भूमती में आज गर्व एवं प्रेरणा से भरा विशेष अवसर रहा, जब विद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय वायु सेना में कार्यरत फ्लाइंग ऑफिसर मयंक शर्मा विद्यालय पधारे। उनके आगमन पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में मयंक शर्मा ने नर्सरी से पाँचवीं कक्षा तक संस्कार पब्लिक स्कूल भूमती में बिताए अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा, संस्कार एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की सफलता की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने पाँचवीं कक्षा के पश्चात सैनिक स्कूल में चयन होने की अपनी यात्रा तथा वहाँ के अनुशासित वातावरण, कठोर प्रशिक्षण और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभवों को भी विद्यार्थियों के समक्ष रखा। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प अत्यंत आवश्यक हैं।
फ्लाइंग ऑफिसर मयंक शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों एवं माता-पिता को देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करते हैं, जबकि माता-पिता का त्याग, निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन एवं संस्कार बच्चों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उनका प्रेरणादायक संबोधन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उत्साहवर्धक सिद्ध हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *