दाड़लाघाट:- राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सौजन्य से अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त इतिहास प्रवक्ता अमर सिंह वर्मा उपस्थित रहे। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय से आए योग विशेषज्ञ विकास स्वामी एवं रेखा देवी ने लगातार दो दिनों तक विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा योग के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, अध्यापकों, विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान स्वयंसेवी हर्षिता एवं जान्हवी ने योग के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए नियमित योग के लाभों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि अमर सिंह वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का आधार है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने योग सप्ताह के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।






