दाड़लाघाट:- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट एवं अंबुजा सीमेंट लिमिटेड द्वारा अंबुजा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक अभिषेक सरोज एवं स्वाति शुक्ला के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में अंबुजा फाउंडेशन की सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना, आईटीआई सेडी दाड़लाघाट के प्रशिक्षुओं, स्वयं सहायता समूहों, सखी बहनों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के मुख्य संयंत्र प्रबंधक सुनील कुमार चौधरी, मानव संसाधन प्रमुख पद्मनाभ शर्मा तथा अंबुजा फाउंडेशन के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा, मनोज कौशल ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। स्वास्थ्य परियोजना के कार्यक्रम समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने कहा कि योग मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा मानसिक तनाव जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम में सहायक है। योग प्रशिक्षक अभिषेक सरोज एवं स्वाति शुक्ला ने योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। आयोजकों ने बताया कि स्वास्थ्य परियोजना के तहत 35 से अधिक गांवों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर बृजेश शर्मा, भू-वैज्ञानिक काशलोग लाइमस्टोन माइंस तथा शिव नारायण तिवारी, प्रभारी आईटीआई सेडी भी उपस्थित रहे।






