दाड़लाघाट:- पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में अंबुजा फाउंडेशन के सौजन्य से योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा विद्यालय परिसर में योग मैट की व्यवस्था से हुई। योग प्रशिक्षक मस्त राम शास्त्री के मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं प्रधानाचार्य ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। लगभग एक घंटे तक चले योग सत्र में सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम तथा कपालभाति जैसे योगाभ्यास करवाए गए। इस अवसर पर अंबुजा फाउंडेशन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (शिक्षा) आरती गुप्ता, एनएसएस प्रभारी हेमलता, पंकज कुमार एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने विद्यार्थियों को नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता को भी मजबूत बनाता है। कार्यक्रम के समापन पर अंबुजा फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों को फ्रूट जूस वितरित किया गया।






