अर्की:- युवा शक्ति बास्केटबॉल क्लब अर्की द्वारा ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर युवा शक्ति बास्केटबॉल क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। क्लब के अध्यक्ष नवीन कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की तीन दिवसीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा ऐतिहासिक चौगान मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग भी उनके समक्ष रखी।
अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय स्तरीय इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई 24 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि विधायक संजय अवस्थी ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए युवा शक्ति बास्केटबॉल क्लब की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं और खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की। विधायक संजय अवस्थी ने क्लब को अपनी ओर से 31000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की तथा बास्केटबॉल कोर्ट एवं ग्राउंड के विकास के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
समारोह के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।






