दाड़लाघाट:- दाड़लाघाट के तहत आने वाले क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक निर्णय सामने आया है। राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में कॉमर्स संकाय को पुनः शुरू करने की प्रक्रिया को मंजूरी मिल गई है। यह पहल अर्की क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी के प्रयासों के बाद संभव हो सकी, जिन्होंने इस विषय को प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा। बताया जा रहा है कि पूर्व में छात्र संख्या कम होने के कारण कॉलेज में कॉमर्स संकाय को बंद करने का निर्णय लिया गया था, जिससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा इस समस्या को विधायक के समक्ष उठाए जाने के बाद उन्होंने तुरंत पहल करते हुए मुख्यमंत्री से इस निर्णय पर पुनर्विचार का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए कॉमर्स संकाय को पुनः बहाल करने पर सहमति प्रदान की है। इस निर्णय के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है।






