दाड़लाघाट:- चंडीगढ़ की क्रैक अकैडमी द्वारा 29 मई को आयोजित मेरे शहर के सौ रतन 2.0 स्कॉलरशिप कार्यक्रम के तहत आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार के छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। क्रैक अकैडमी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने वाली एक प्रतिष्ठित संस्था है। हिमाचल प्रदेश सरकार और क्रैक अकैडमी की संयुक्त पहल के तहत संचालित इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। विद्यालय से कक्षा 11वीं के विद्यार्थी अजय कुमार, अक्षय कुमार और खुशी ठाकुर का चयन हुआ है, जबकि कक्षा 12वीं से अल्का, निशा देवी और सौरभ सेन ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर छात्रवृत्ति हासिल की है। चयनित सभी विद्यार्थियों को क्रैक अकैडमी की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामस्वरूप गौतम ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी इस छात्रवृत्ति कार्यक्रम का पूरा लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा देंगे। प्रधानाचार्य ने उन अध्यापकों को भी बधाई दी जिन्होंने विद्यार्थियों को इस परीक्षा के लिए प्रेरित किया और तैयारी में उनका मार्गदर्शन किया। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।






