दाड़लाघाट:- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में कॉमर्स संकाय को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब समाप्त हो गई है। प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर महाविद्यालय में कॉमर्स संकाय को तत्काल प्रभाव से जारी रखने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि छात्र संख्या कम होने के कारण कॉमर्स संकाय के बंद होने की संभावना जताई जा रही थी। इस विषय को क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने अर्की के विधायक संजय अवस्थी के समक्ष उठाया था। विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखा और क्षेत्र के विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कॉमर्स संकाय को जारी रखने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री द्वारा मामले पर सकारात्मक रुख अपनाने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने 23 जून को अधिसूचना जारी की। विभाग की ओर से जारी आदेशों में राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में कॉमर्स संकाय को जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की गई है। दाड़लाघाट, मांगल, बैरल, बागा, करोग, चाखड़, नवगांव, रौड़ी, बरायली, कराड़ाघाट, मांगू, ग्याना, धुन्दन, चमाकडी, भराड़ीघाट, पीपलूघाट, शिवनगर,पारनू, सेवड़ा, चंडी तथा कश्लोग सहित जिला परिषद दाड़लाघाट के अंतर्गत आने वाली 18 पंचायतों के विद्यार्थियों के लिए यह निर्णय विशेष महत्व रखता है। कॉमर्स विषय की पढ़ाई के लिए अब विद्यार्थियों को अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा और वे अपने क्षेत्र के निकट ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद क्षेत्र में संतोष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे महाविद्यालय में कॉमर्स शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी और भविष्य में अधिक विद्यार्थी इस संकाय से जुड़ सकेंगे। हिमाचल प्रदेश संस्कृत अकादमी के पूर्व सचिव डॉ. मस्तराम शर्मा ने क्षेत्र के सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को इस महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश दिलाने का आह्वान किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों से महाविद्यालय में अनुभवी एवं योग्य प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और बेहतर शिक्षण वातावरण का लाभ क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उठाना चाहिए। सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए अर्की-कश्लोग-मांगू परिवहन समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, दाड़लाघाट के पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, मोहन सिंह ठाकुर मनोज गौतम, लाला शंकर दास अरोड़ा, जयचंद शर्मा, जय सिंह ठाकुर, राजेंद्र कंवर, सत्यपाल ठाकुर, अरुण शुक्ला, कमलकांत, बाबू राम शर्मा, संत राम पंवर तथा कमलेश गौतम, रमेश, रोशन सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक संजय अवस्थी तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कॉमर्स संकाय जारी रहने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता रहेगा और इससे आने वाले वर्षों में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।






