अर्की:-
तहसील अर्की क्षेत्र की जनता की जीवनरेखा मानी जाने वाली ज्यूरीपतन से शिमला वाया जयनगर बस सेवा को बंद करने के सरकार के निर्णय का आम आदमी पार्टी कड़ा विरोध करती है।
यह बस सेवा पिछले लगभग 30 वर्षों से लगातार संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र की करीब 10 से 15 पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इस बस सेवा के माध्यम से स्कूली व कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारी, बुजुर्ग एवं आम जनता अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण बस रूट को बंद करने का निर्णय जनता के हितों के साथ अन्याय है।
आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए और ज्यूरीपतन–शिमला वाया जयनगर बस सेवा को यथावत जारी रखा जाए।
आम आदमी पार्टी अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी जी से भी आग्रह करती है कि वे क्षेत्र की जनता की भावनाओं को समझते हुए इस मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएं।
यदि सरकार द्वारा इस जनहित के रूट को पुनः शुरू नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी।
जारीकर्ता:
प्रदेश प्रवक्ता
अशोक चंदेल
आम आदमी पार्टी, हिमाचल प्रदेश






