दाड़लाघाट : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत बैग-फ्री डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश के चिल्डू, मालपुआ, पतीड़ एवं सिड्डू, गुजरात का ढोकला, राजस्थान का घेवर तथा महाराष्ट्र का पोहा प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार एवं अन्य अध्यापकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों, रचनात्मकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रभारी शास्त्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। दोपहर के भोजन के बाद विद्यार्थियों के लिए स्पून रेस, म्यूज़िकल चेयर, थ्री-लेग रेस तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।






