दाड़लाघाट : विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में शनिवार को पंचायत की प्रथम बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी ने पंचायत के 11 नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले सदस्यों में वार्ड गवाह-1 से सुनीता, निचली नौणी वार्ड-2 से गीता देवी, उपरली नौणी वार्ड-3 से मीरा देवी, दाड़ला वार्ड-4 से कर्म चंद, दाड़ला वार्ड-5 से प्रेम चंद, दाड़ला वार्ड-6 से राज कुमारी, कोटला पुजारिया वार्ड-7 से राजेश कुमार, काकड़ा वार्ड-8 से मंजू देवी, कोटला नुम्हाल वार्ड-9 से तरुणा शुक्ला, स्यार वार्ड-10 से तिलक राज तथा जावी वार्ड-11 से श्याम लाल शामिल रहे। बैठक की कार्यवाही पंचायत सचिव धनी राम तथा सहसचिव मीरा की देखरेख में संपन्न हुई। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित प्रवक्ता विजय सिंह चंदेल ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने में पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने इन दिनों चल रही जनगणना संबंधी गतिविधियों की जानकारी देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से जनगणना कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया। पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी ने बताया कि बैठक का प्रमुख मुद्दा स्वच्छता रहा। उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी सदस्यों ने दाड़लाघाट क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का प्रभावी ढंग से पालन करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी निर्वाचित सदस्य जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे तथा विकास योजनाओं को गति देने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर प्रयास करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पंचायत उपप्रधान हेमराज गौतम, पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, पंचायत चौकीदार पवन शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।






