दाड़लाघाट : रविवार को देव हरसंग धार (हरसंग धार बाघल-भज्जी) समिति की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रधान परस राम ठाकुर ने की। बैठक में आगामी हरियाली साजी उत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने बताया कि 16 जुलाई को आयोजित होने वाले इस पारंपरिक उत्सव में देव मिलन और देव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक उत्सव भारत सरकार के वर्ष 1910 के गजट, जो लाहौर से प्रकाशित होता था, के अनुसार सावन मास के प्रथम दिवस (संक्रांति) को मनाया जाता है। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में क्षेत्र सहित दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचकर देवता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। बैठक में उत्सव को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी ने उत्सव को पारंपरिक गरिमा और भव्यता के साथ मनाने का संकल्प लिया। बैठक में तीनों देवस्थलों बड़ोग, चनावग और कशलोग की समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।






