दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के जावी गांव स्थित बाबा ब्रह्म नाहर सिंह मंदिर में रविवार को नवी नेह भंडारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर बाबा ब्रह्म नाहर सिंह का आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। आयोजकों ने बताया कि नवी नेह भंडारा गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे हर वर्ष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।






