सोलन पवन सिंघ:-
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय संगठन समीक्षा बैठक शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय, लक्कड़ कॉलोनी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह नायर ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कोऑर्डिनेटर (जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश) दयाचंद तथा केंद्रीय कोऑर्डिनेटर डॉ. मेघराज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश कोऑर्डिनेटर डॉ. आर. भाटिया, प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहाड़ी, महासचिव ज्ञानचंद भाटिया, रमेश चंद भटोली, प्रदेश कार्यालय सचिव हरमेश सिंह पंजोखरा, हमीरपुर जिला अध्यक्ष रतन कटोच ऊना जिला अध्यक्ष कमल पांचला, नालागढ़ विधानसभा अध्यक्ष रामपाल बेंस सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय कोऑर्डिनेटर दयाचंद ने कहा कि वर्ष 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी पूरे प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी। इसके लिए विधानसभा, जिला, सेक्टर और बूथ स्तर पर संगठनात्मक बैठकों का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, अनुशासन के साथ कार्य करने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बसपा नेतृत्व ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन करेगी।






