दाड़लाघाट :- राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में छात्राओं को यौन शोषण से सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में पॉक्सो कमेटी की प्रभारी पारुल ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी। वहीं सेक्सुअल कमेटी की अध्यक्ष सुमन बट्टू ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान स्नातक अनीता देवी ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के महत्व से अवगत कराया। इसके अलावा हेल्थ केयर व्यावसायिक अध्यापिका रंजना ठाकुर के नेतृत्व में छात्राओं को सेनेट्री पैड वितरित किए गए तथा सरकार द्वारा संचालित मासिक धर्म स्वच्छता कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी दी गई। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में सही निर्णय ले सकें।






