शिमला:-
ढींगू मंदिर रोड रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी (DMRRWS) द्वारा रविवार को नगर निगम शिमला के सहयोग से क्षेत्र में एक व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में सोसायटी के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, स्थानीय निवासियों तथा उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सड़क किनारे, नालियों और सार्वजनिक स्थलों से लगभग 40 बैग कचरा एकत्र किया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों की भागीदारी ने इस अभियान को एक जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि समाज एकजुट होकर कार्य करे तो किसी भी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य बनाया जा सकता है। यह अभियान इसी सामूहिक सोच और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सोसायटी ने नगर निगम शिमला और वार्ड पार्षद ममता चन्देल का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही अभियान में भाग लेने वाले सभी स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों तथा कार्यकारिणी सदस्यों का भी हार्दिक धन्यवाद किया गया।
सोसायटी के महासचिव इंजीनियर रविन्द्र अवस्थी ने कहा कि यह केवल शुरुआत है। भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और आदर्श बनाया जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और ऐसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।






