Home » Uncategorized » शिमला में 7 ग्राम चिट्टा सहित युवक गिरफ्तार, स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई

शिमला में 7 ग्राम चिट्टा सहित युवक गिरफ्तार, स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई

Share:

शिमला: पवन सिंघ:-

जिला शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान आईएसबीटी क्रॉसिंग के समीप स्थित टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उक्त व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी,निवासी चिड़गांव, जिला शिमला तथा वर्तमान निवासी लक्कड़ बाजार, शिमला के रूप में हुई है। बरामद नशीले पदार्थ के संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 141/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *