Home » Uncategorized » हरसंगधार में धार्मिक उत्थान एवं कल्याण सभा की ओर से मनाया गया हरियाली साजी पर्व

हरसंगधार में धार्मिक उत्थान एवं कल्याण सभा की ओर से मनाया गया हरियाली साजी पर्व

Share:

दाड़लाघाट:- सोलन व शिमला जिला की सीमा पर दाड़लाघाट उपतहसील के चंडी (अर्की) के समीप स्थित देव हरसंगधार में वीरवार को धार्मिक उत्थान एवं कल्याण सभा की ओर से हरियाली साजी पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व में देव हरसंगधार (बाघल-भज्जी), देव हरसंग बड़ोग, देव हरसंग कश्लोग तथा देव हरसंग चनावाग का ऐतिहासिक देव मिलन हुआ, जिसके साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित पूजा-अर्चना, देव नृत्य तथा बैठक नरमाला कार्यक्रम पर्व के मुख्य आकर्षण रहे। श्रद्धालुओं ने देव आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन के दौरान धार्मिक उत्थान एवं कल्याण सभा की ओर से विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने देव हरसंगधार मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्रवासियों को हरियाली साजी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री ने लगभग 6.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। इनमें संपर्क मार्ग जुड से खुनारा, पटियार घाटरू से बैरटीनाला वाया सीतरी जांयन संपर्क मार्ग के शिलान्यास तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला जुड (जुडलु), ग्राम पंचायत चनावाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण शामिल है।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ये विकास परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मूल स्थान देव हरसंगधार मंदिर प्रबंधक समिति के प्रधान परस राम ठाकुर एवं सचिव प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि हरियाली साजी पर्व क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सह सचिव श्याम शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण चंद वर्मा, मुख्य सलाहकार बाबूराम शर्मा, उप प्रधान दिलाराम शर्मा, पुजारी मुंशी राम शर्मा, हरिराम सहित प्रबंधक समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *