Home » Uncategorized » राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए किया गया दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन

राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए किया गया दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन

Share:

दाड़लाघाट:- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों से परिचित कराना तथा उच्च शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने अध्यक्ष के रूप में कार्यक्रम की गरिमामयी अध्यक्षता की। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन को केवल परीक्षा तक सीमित न रखते हुए ज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जोड़ने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं, छात्र-केंद्रित गतिविधियों तथा अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने अपना परिचय देते हुए अपने विभाग का भी विस्तृत परिचय दिया। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली, समय-सारिणी, उपस्थिति नियम, परीक्षा प्रणाली तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी प्राध्यापकों द्वारा दी गई। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न क्लबों एवं समितियों, जैसे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रोवर्स एवं रेंजर्स, रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस, पर्यावरण क्लब, विषय समितियों, खेलकूद गतिविधियों तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम एवं सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों से भी अवगत कराया गया, ताकि वे अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप इन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष द्वारा विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सदस्यता, पुस्तक निर्गमन एवं वापसी की प्रक्रिया, पुस्तकालय के नियमों, डिजिटल संसाधनों तथा उपलब्ध संदर्भ सामग्री के प्रभावी उपयोग संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं पुस्तकालय के अधिकतम उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *