Home » Uncategorized » खबर का बड़ा असर: हिमाचल आज तक की मुहिम लाई रंग, 40 साल पुरानी प्रेम नगर–बातल बस सेवा फिर दौड़ी सड़कों पर

खबर का बड़ा असर: हिमाचल आज तक की मुहिम लाई रंग, 40 साल पुरानी प्रेम नगर–बातल बस सेवा फिर दौड़ी सड़कों पर

Share:

अर्की शहनाज
जनहित की आवाज़ एक बार फिर रंग लाई है। हिमाचल आज तक द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे के बाद करीब 40 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक प्रेम नगर–बातल बस सेवा दोबारा बहाल हो गई है। बस के पुनः शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि यह बस सेवा केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि बातल, देवरा, मंज्याट पट्टी और आसपास की पंचायतों की जीवनरेखा रही है। दशकों से विद्यार्थी, कर्मचारी, बुजुर्ग, किसान और व्यापारी इसी बस सेवा के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचते रहे हैं। सेवा बंद होने के बाद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था।
हिमाचल आज तक ने जनता की इस पीड़ा को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार खबरें प्रकाशित कीं और संबंधित विभाग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। जनभावनाओं और लोगों की परेशानियों को देखते हुए आखिरकार परिवहन विभाग ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए बस सेवा को फिर से शुरू कर दिया।
बस के पुनः संचालन से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह सेवा लंबे समय तक बंद रहती तो विद्यार्थियों, कर्मचारियों और बुजुर्गों को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता। लोगों ने प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक संजय अवस्थी, एचआरटीसी प्रबंधन तथा हिमाचल आज तक न्यूज चैनल का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया की सक्रिय भूमिका और जनहित की आवाज़ बुलंद होने का ही परिणाम है कि आज यह ऐतिहासिक बस सेवा फिर से बहाल हो सकी।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की जनसमस्याओं को इसी गंभीरता से सुना और हल किया जाएगा, ताकि दूरदराज के गांवों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *