Home » Uncategorized » बुघार कनैता ग्रामसभा में ऐतिहासिक फैसले, नशाखोरी पर ₹5000 जुर्माना और फेरीवालों के लिए अनुमति अनिवार्य

बुघार कनैता ग्रामसभा में ऐतिहासिक फैसले, नशाखोरी पर ₹5000 जुर्माना और फेरीवालों के लिए अनुमति अनिवार्य

Share:

बुघार कनैता पवन सिंघ:-

ग्राम पंचायत बुघार कनैता में कोरम पूरा होने के साथ ग्रामसभा का सफल आयोजन किया गया। ग्रामसभा में पंचायत विकास, सामाजिक सुधार और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। ग्रामसभा में 140 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने पंचायत के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता को दर्शाया।
ग्रामसभा के दौरान समाजसेवी एवं हिमाचल आज तक के युवा पत्रकार पवन सिंघ द्वारा पंचायत विकास को लेकर रखे गए कई सुझावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। पंचायत क्षेत्र में बाहरी फेरीवालों के प्रवेश और कारोबार के लिए पंचायत से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 5000 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा पंचायत ने सामाजिक परंपराओं को सम्मान देते हुए निर्णय लिया कि भविष्य में किन्नरों को बधाई स्वरूप 1100 से 2100 रुपये दिए जाएंगे। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने या नशे की हालत में झगड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 5000 रुपये जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया। ग्रामसभा में पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। पंचायत क्षेत्र की सभी बावड़ियों और प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई की जिम्मेदारी संबंधित गांव के लोगों की होगी। साथ ही जिस गांव की बावड़ी सबसे स्वच्छ और सुंदर पाई जाएगी, उसे पंचायत स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। बैठक में पंचायत क्षेत्र के लिए एक बड़े सभागार (कम्युनिटी हॉल) के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे भविष्य में सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
पंचायत प्रधान रमेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित ग्रामसभा में सर्वसम्मति से सतर्कता समिति का गठन भी किया गया। इस दौरान पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों, आगामी योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा लोगों को सरकारी योजनाओं और पंचायत गतिविधियों के प्रति जागरूक किया। ग्रामसभा में लोगों ने खुलकर अपने विचार रखे और पंचायत क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके खिलाफ सामूहिक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। उपस्थित ग्रामीणों ने यह मुद्दा भी उठाया कि पूर्व में पंचायत कार्यों में भाई-भतीजावाद की शिकायतें रही हैं। इस पर पंचायत प्रधान रमेश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में भरोसा दिलाया कि उनके कार्यकाल में किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा तथा सभी विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रधान रमेश कुमार व उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा, सभी वार्ड सदस्य, बीडीसी सदस्य, पूर्व प्रधान हेमा कुमारी, कृषि मित्र मोनिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामसभा के समापन पर पंचायत प्रधान रमेश कुमार और उप प्रधान प्रेम दत्त शर्मा ने रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया। ग्रामसभा के बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *