दाड़लाघाट:- ग्राम पंचायत दानोघाट में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान दुनी चंद शर्मा ने की। ग्राम सभा में निर्धारित कोरम पूरा होने के साथ सभी वार्डों के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक के दौरान ग्राम प्रधान ने विभिन्न वार्डों से जुड़े विकास कार्यों, जनसमस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। ग्राम सभा में किन्नर समुदाय को सम्मान स्वरूप 1100 रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में बिना अनुमति आने वाले फेरी वालों पर रोक लगाने तथा पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जनजागरूकता एवं रोकथाम संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए। प्रधान दुनी चंद शर्मा ने पंचायतवासियों से विकास कार्यों में सहयोग देने तथा स्वच्छ, सुरक्षित और नशामुक्त पंचायत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। ग्राम सभा में पंचायत सचिव दिला राम गर्ग, उप प्रधान श्याम लाल ठाकुर तथा वार्ड सदस्य चमन लाल, हेम बाला, कौशल्या देवी, दिनेश कुमार और मालती देवी उपस्थित रहे।






