अर्की
राजकीय महाविद्यालय अर्की में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, सुविधाओं एवं विभिन्न छात्र कल्याण गतिविधियों से परिचित कराना था, ताकि वे महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ कर सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य सुनीता शर्मा के स्वागत संबोधन से हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, नैतिक मूल्यों तथा सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ पारुल बेरी ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, छात्रवृत्ति योजनाओं, करियर परामर्श, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), रेड रिबन क्लब, इको क्लब, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित अन्य छात्र सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग एंटी ड्रग नियमों, महाविद्यालय की आचार संहिता तथा सुरक्षित एवं समावेशी परिसर के महत्व से भी अवगत कराया गया।
यह इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध होगा तथा उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से सहज रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहे।






