दाड़लाघाट:-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अर्की यूथ एंड स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन तथा मांगू एवं चंडी मंडल के स्वयंसेवकों द्वारा हिमाचल प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से चंडी माता मंदिर के समीप स्थित पुराने पीएचसी परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के संयोजक पवन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम समाजसेवा की भावना से आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद कुल 68 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। शिविर के दौरान हिमाचल प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी की चिकित्सकीय टीम ने रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी स्वयंसेवकों, स्थानीय पंचायत, सहयोगी संस्थाओं तथा क्षेत्रवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, रेड क्रॉस की चिकित्सकीय टीम, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनहित और समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।






