अर्की ब्यूरो:-
बद्दी पुलिस ने क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने 7 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया तथा संबंधित स्पा सेंटरों के संचालकों और मैनेजरों के खिलाफ मामला दर्ज कर

आगामी जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशों पर तथा उप पुलिस अधीक्षक बद्दी योगराज चंदेल के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने साईं रोड, बद्दी स्थित विभिन्न स्पा सेंटरों की जांच एवं निगरानी के तहत विशेष अभियान चलाया।अभियान के दौरान पुलिस ने द बेस्ट थाई स्पा, बैंबू स्पा और मंत्रा द वेलनेस स्पा में दबिश दी। जांच के दौरान इन स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित होने के तथ्य सामने आए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद 7 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस ने युवतियों की सुरक्षा और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा बाद में उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, संबंधित स्पा सेंटरों के संचालकों एवं मैनेजरों के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में विभिन्न

धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किए गए हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों अथवा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ऐसे मामलों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






