कुनिहार
श्रावण मास के पावन चौथे सोमवार के अवसर पर जिला सोलन स्थित अनादिकालीन शिव तांडव गुफा, कुनिहार में गुफा विकास समिति एवं शंभू परिवार के संयुक्त सौजन्य से आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया। प्रातःकाल भगवान गुफानाथ जी के पूजन-अर्चन, पंचामृत स्नान, विशेष पूजा, महाआरती, यज्ञ एवं हवन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा आरंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 11 बजे से नवीन म्यूजिकल ग्रुप, सोलन द्वारा भव्य भोले बाबा की चौकी सजाई गई। प्रसिद्ध भजन गायक नवीन सांख्यान, देव कोहली तथा अन्य कलाकारों ने शिव भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।

आयोजन के अगले चरण में सायं 4 बजे से मां भद्रकाली नवदुर्गा संकीर्तन मंडली, सोलन के मुख्य कलाकार दिनेश एवं उनकी टीम भव्य भजन संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं रात्रि में भगवान शिव के विभिन्न दिव्य स्वरूपों की आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
सुबह से ही शिव तांडव गुफा परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे हैं तथा विशाल भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
गुफा विकास समिति एवं शंभू परिवार ने समस्त शिवभक्तों एवं क्षेत्रवासियों से सायंकाल आयोजित भजन संध्या एवं दिव्य झांकियों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करे ।






