अर्की शहनाज़
बातल पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित गाहर गांव में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवभूमि युवक मंडल गाहर एवं महिला मंडल गाहर द्वारा सराहनीय पहल की गई।

देवभूमि युवक मंडल के युवाओं ने क्षेत्र में पौधरोपण अभियान चलाते हुए हरड़, बेहड़ा, आंवला सहित विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण किया। युवाओं ने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं।

वहीं महिला मंडल गाहर की महिलाओं ने गांव के रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। महिलाओं ने झाड़ियों की कटाई कर रास्तों की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ वातावरण और साफ-सुथरे गांव के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
स्थानीय लोगों ने युवक मंडल और महिला मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गांववासियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया






