चंडी (सोलन), पवन सिंह:-नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को जगजीत नगर पंचायत के अंतर्गत तहसील कसौली के गांव बागी के समीप स्थित श्री मूल माहू नाग जी महाराज के ज्येष्ठ स्थान बागी रख में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी हुक्मी दत्त ने बताया कि बागी रख, श्री माहू नाग जी महाराज का ज्येष्ठ स्थान है तथा नाग पंचमी का यह पर्व मंदिर के स्थापना दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष नाग पंचमी के साथ मासिक संक्रांति और श्रावण मास का सोमवार होने के कारण इस दिन का धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है।

उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में दानवीर कर्ण का इस स्थान से विशेष संबंध रहा है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण से वरदान प्राप्त करने के बाद कर्ण ने नाग रूप धारण किया था। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा और आस्था के साथ यहां मनोकामना मांगता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
मंदिर समिति द्वारा मानव कल्याण और विश्व शांति की कामना के लिए विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत हवन-यज्ञ आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए नारायण सेवा के रूप में विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। मंदिर समिति ने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।

मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर माहू नाग जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।






