Home » Uncategorized » ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने के लिए सुदृढ़ बैंकिंग सुविधाएं आवश्यक – संजय अवस्थी जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने के लिए सुदृढ़ बैंकिंग सुविधाएं आवश्यक – संजय अवस्थी जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

Share:

अर्की:-

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक मज़बूत बनाने के लिए सुदृढ़ बैंकिंग सुविधाएं सुनिश्चित बनाना नितांत आवश्यक है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दसेरन के भराड़ीघाट में जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को सुदृढ़ करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, पेयजल, विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मज़बूत करने के साथ-साथ वित्तीय सेवाओं की पहुंच भी ग्रामीण स्तर तक सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके माध्यम से किसानों, बागवानों और ग्रामीण लोगों को विभिन्न वित्तीय एवं बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है तथा लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए वित्तीय सहयोग प्राप्त होता है।
संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास की योजनाओं और सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाए ताकि पात्र लोग इनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
विधायक ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि बैंक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित हो। उन्होंने क्षेत्रवासियों से बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक रोशन वर्मा, सहकारी समितियों के सहायक रजिस्ट्रार गिरिश नड्डा, ग्राम पंचायत दसेरन की प्रधान तारा ठाकुर, ग्राम पंचायत क्यारड की प्रधान मीरा ठाकुर, ग्राम पंचायत दसेरन के उप प्रधान कुलदीप शर्मा, अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, ज़िला ट्रक ऑपरेटर्स कोऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के प्रधान रामकिशन बंसल, कांग्रेस पार्टी के रमेश ठाकुर, बालक राम, राजेन्द्र पंवार, प्रकाश, राम स्वरूप, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, विद्युत बोर्ड के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
.0.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *