दाड़लाघाट। अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने सोमवार को ग्राम पंचायत दसेरन के भराड़ीघाट में द जनता कृषि सेवा सहकारी सभा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारी सभाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों और आमजन को विभिन्न
सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि नवनिर्मित भवन से सहकारी सभा के कार्यों का बेहतर एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित होगा तथा क्षेत्र के किसानों और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। दूध तथा प्राकृतिक
खेती से तैयार फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिल रही है। विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यों से क्षेत्र में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि एनएचएआई का कार्य वैज्ञानिक तरीके से करवाना सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। संजय अवस्थी ने जागृति युवा मंडल गतेड़ को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत क्यारड़ को 30 और ग्राम पंचायत दसेरन को 20 सोलर लाइट देने, सहकारी सभा भवन के साथ पानी की पुलिया के निर्माण के लिए 1.73 लाख रुपये तथा नलाग मोक्षधाम के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा महिला मंडल
गतेड़, खड़ौन, आली कल्लर, डिनन और कूंद को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर द जनता कृषि सेवा सहकारी सभा के प्रधान हरीश कुमार भारद्वाज, जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, निदेशक रोशन वर्मा, हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम के निदेशक धर्म पाल, ग्राम पंचायत दसेरन की प्रधान तारा ठाकुर, ग्राम पंचायत क्यारड़ की प्रधान मीरा ठाकुर, उपप्रधान कुलदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।






