दाड़लाघाट। भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर श्रमिकों और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ दाड़लाघाट ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल शर्मा के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार की अध्यक्षता में सौंपा गया।
ज्ञापन में श्रमिकों की प्रमुख मांगों को उठाते हुए न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, कर्मचारी राज्य बीमा निगम
(ईएसआईसी) की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने तथा ईपीएस-95 पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई। पेंशन में महंगाई भत्ता और चिकित्सा सुविधा जोड़ने की मांग भी रखी गई। संघ ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने, बोनस गणना की सीमा 7 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये तथा बोनस पात्रता की सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग की। आशा, आंगनबाड़ी, मिड-डे-मील और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित सभी योजना कर्मियों को नियमित करने तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इसके अलावा ठेका और संविदा कर्मियों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने, ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये करने तथा चारों श्रम संहिताओं में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को वापस लेने की मांग की गई। बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने तथा विभिन्न बैंकों में कार्यरत अंशकालिक और दैनिक भोगी कर्मचारियों को बैंक के अधीन लेने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर संघ अध्यक्ष सुरेश कुमार, महामंत्री नरेश कुमार, उपाध्यक्ष रूपलाल, राकेश महाजन,
कोषाध्यक्ष रुवेश कुमार, प्रेस सचिव गोविंद बिट्टू, लाभचंद, रोशन लाल, उपकोषाध्यक्ष दीपचंद, भुवनेश ठाकुर, शेर सिंह, सरबजीत, अर्जुन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।






