अर्की
राज्य स्तरीय सायर मेला अर्की-2026 के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर मंगलवार को उपमंडलाधिकारी (ना.) अर्की के कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने की।
बैठक में 17, 18 और 19 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सायर मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग समितियों एवं उपसमितियों के गठन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में शिक्षा, चिकित्सा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, सफाई, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की गई। इसके अलावा मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने पर भी विचार किया गया।
प्रशासन की ओर से राज्य स्तरीय सायर मेले को व्यवस्थित, आकर्षक एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को गति दी जा रही है। बैठक में तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, बीडीओ तन्मय कंवर,ब्लॉक कॉंग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, डीएसपी नवीन झालटा, नगर पंचायत अर्की की प्रधान सीमा शर्मा, उपप्रधान वीना ठाकुर, पूर्व प्रधान अनुज गुप्ता सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे






