Home » Uncategorized » टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत अर्की में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत अर्की में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

Share:

अर्की :-

टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को अर्की टाउन हॉल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं तथा उन्हें स्वस्थ रहने और बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान बीपी और शुगर की जांच के साथ-साथ एक्स-रे की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध करवाई गई।
शिविर में उपस्थित डॉ. चारवी ने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन उपचार योग्य बीमारी है। इसके लक्षणों को समय रहते पहचानना और समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से लगातार खांसी, बुखार, रात को पसीना आना, वजन कम होना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच करवाना भी आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को टीबी की रोकथाम, इसके लक्षणों और उपचार के संबंध में जागरूक किया गया तथा किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों की जांच में सहयोग किया और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। इस अवसर पर लोगों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *