Home » Uncategorized » दाड़लाघाट के गांव नौणी में तीन तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल

दाड़लाघाट के गांव नौणी में तीन तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Share:

दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव नौणी में तीन तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में तीनों तेंदुए घरों के समीप से होते हुए जंगल की ओर जाते हुए दिखाई दिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए दिन के समय दिखाई नहीं दिए, लेकिन शाम और रात के समय गांव के आसपास उनकी मौजूदगी देखी गई। हालांकि, अभी तक तेंदुओं के कारण किसी व्यक्ति या मवेशी को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से गांव के आसपास तेंदुओं की गतिविधियां देखी जा रही हैं। ग्रामीणों ने तेंदुओं की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दे दी है। वहीं इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी स्थानीय सोशल मीडिया समूहों में वायरल हो रहा है, जिसमें लोग तीन तेंदुओं को देखकर शोर मचाते हुए नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों पवन, पुष्पेंद्र, राम लाल, भूप चंद, हरि सिंह, जयदेव ठाकुर, कमलेश कुमारी, सीमा, मीना, नीतू ठाकुर, रेखा और उर्मिला ठाकुर सहित अन्य लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव में जल्द पिंजरा लगाया जाए, क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और लोगों को तेंदुओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जाए। उधर, वन क्षेत्र अधिकारी दाड़लाघाट सुदर्शन सिंह ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह-शाम अकेले बाहर निकलने से बचें और बच्चों को अकेले बाहर न भेजें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को तेंदुए या उसकी गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *