चंडी सोलन पवन सिंघ
वीएसएलएम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल चंडी में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों, बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं तथा स्टाफ सदस्यों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कुठार चौकी प्रभारी संजीव कुमार तथा खंड स्वास्थ्य विभाग चंडी से डॉ. राहुल कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत
जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज को खोखला कर रही है। ऐसे में युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि देश की युवा शक्ति नशे के खिलाफ सजग प्रहरी की भूमिका निभाए तो समाज को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से नशे के खिलाफ अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने
प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों को दर्शाया और सभी को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की उपप्रधानाचार्य दिनेश कुमारी ने भी नशामुक्त समाज के महत्व पर अपने विचार रखे। इसके पश्चात स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्कूल के बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं सहित स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।






