Home » Uncategorized » जागृति महिला फेडरेशन का वार्षिक जनरल हाउस सेड़ी दाड़लाघाट में आयोजित,दो सौ महिलाओं ने लिया भाग

जागृति महिला फेडरेशन का वार्षिक जनरल हाउस सेड़ी दाड़लाघाट में आयोजित,दो सौ महिलाओं ने लिया भाग

Share:

दाड़लाघाट। जागृति महिला फेडरेशन का वार्षिक जनरल हाउस सेड़ी दाड़लाघाट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फेडरेशन से जुड़े सात क्लस्टरों की करीब 200 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान फेडरेशन के वर्षभर के कार्यों और वित्तीय गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में अंबुजा फाउंडेशन के अधिकारियों के साथ असिस्टेंट रजिस्ट्रार बुद्धि राम, जागृति महिला फेडरेशन की प्रधान नर्वदा शर्मा तथा कार्यकारिणी की सदस्य उपस्थित रहीं। जनरल हाउस के दौरान फेडरेशन की ओर से किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी साझा की गई तथा आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। असिस्टेंट रजिस्ट्रार बुद्धि राम ने अंबुजा फाउंडेशन द्वारा प्रमोटेड जागृति महिला फेडरेशन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फेडरेशन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहयोग उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर जागृति महिला फेडरेशन की ओर से 18 स्वयं सहायता समूहों को कुल 1,47,560 रुपये का लाभांश वितरित किया गया। महिलाओं को आर्थिक लाभ पहुंचाने की दिशा में इसे फेडरेशन की महत्वपूर्ण पहल बताया गया। अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक संजय शर्मा ने कहा कि इस तरह की छोटी-छोटी गतिविधियां महिलाओं का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए अंबुजा फाउंडेशन भविष्य में भी निरंतर कार्य करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *