सुबाथू पवन सिंघ
लोक निर्माण विभाग (PWD) सुबाथू के एसडीओ साहिल कश्यप ने जनता से किया अपना वादा निभाते हुए सुबाथू-कुनिहार सड़क मार्ग पर गंबरपुल बाजार में बने बड़े गड्ढे को भरवा दिया है। इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है तथा अब उनका सफर पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और आरामदायक हो गया है।
गौरतलब है कि गंबरपुल बाजार में सड़क के बीचों-बीच बना यह बड़ा गड्ढा लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। गड्ढे के कारण वाहनों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता था और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। मामले से जुड़ी भूमि निजी होने तथा विषय न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण विभाग को कई कानूनी और तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था।
जब हिमाचल आज तक की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की थी, तब एसडीओ साहिल कश्यप ने लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया था कि विभाग एक-दो दिनों के भीतर गड्ढे को भरने का प्रयास करेगा। विभाग ने अपने वादे को पूरा करते हुए समय रहते कार्य संपन्न कर दिया, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सुबाथू के जेई सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि कार्य के दौरान एक स्थानीय दुकानदार द्वारा सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की गई, जिसके चलते विभाग को पुलिस प्रशासन की सहायता लेनी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी और निगरानी में विभाग ने कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभाग द्वारा लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब विकास कार्यों में अनावश्यक रुकावटें पैदा की जाती हैं तो उसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। कुछ लोगों के विरोध के कारण पूरे क्षेत्र की जनता को परेशानी उठानी पड़ती है, जबकि विभाग हमेशा जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थानीय लोगों ने भी लोक निर्माण विभाग सुबाथू, एसडीओ साहिल कश्यप तथा विभागीय टीम का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि विभाग ने जनता की समस्या को समझते हुए त्वरित कार्रवाई की और यह साबित किया कि प्रशासन और विभाग जनता की सुविधा के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।






