दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान दो स्थानों से आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्राएं निकाली गईं। पहली शोभायात्रा शिव मंदिर दाड़लाघाट से स्यार की ओर तथा दूसरी स्यार से दाड़लाघाट की ओर निकली। दोनों शोभायात्राओं में भजन-कीर्तन और गुलाल की बौछार से माहौल भक्तिमय हो गया। रामलीला क्लब दाड़ला की ओर से शिव मंदिर दाड़ला से तथा यूथ फार्मर क्लब स्यार की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भगवान शिव की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा दाड़ला बाजार, एसबीआई बैंक, अंबुजा चौक और बस स्टैंड से होते हुए वापस शिव मंदिर पहुंची। दोनों शोभायात्राओं के दाड़लाघाट बस स्टैंड पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर गुलाल डालकर जमकर होली खेली। दाड़लाघाट व स्यार बाजार तथा पीएनबी एटीएम के समीप मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जैसे भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। श्रीकृष्ण की झांकी के साथ श्रद्धालुओं ने श्याम सपनों में आता क्यों नहीं, सांवरिया आजा रे और तेरा दिल तो दीवाना हो गया, मुरली वाले जैसे भजनों से नटखट कान्हा का गुणगान किया। शोभायात्रा का मनमोहक दृश्य देखने के लिए सड़क से गुजर रहे वाहन चालक भी अपने वाहन रोककर झांकियों को मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए।






