पीएम-श्री, एससीवीटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में बाल अधिकार संरक्षण एवं UDISE विषय को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन अर्की और धुंदन शिक्षा खंड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें दोनों खंडों के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, पाठशाला प्रमुख तथा मिडिल स्कूल के इंचार्ज ने भाग लिया।
कार्यशाला में डाइट सोलन से विशेषज्ञ बविता ठाकुर ने बाल अधिकार संरक्षण विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक किया।
वहीं, डाइट सोलन से आए विशेषज्ञ गोविंद ठाकुर ने UDISE (यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन) से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यालयों में UDISE से जुड़े आंकड़ों के सही संकलन एवं ऑनलाइन प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में डिप्टी डायरेक्टर सेकेंडरी सोलन की ओर से राजकुमार गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा अर्की खंड के प्रधानाचार्य हेम राज गौड़ तथा धुंदन खंड के बीपीओ आर.आर. बंगा ने कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यशाला में दोनों शिक्षा खंडों से कुल 75 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यालय प्रमुखों को बाल अधिकार संरक्षण तथा यूडीआईएसीई से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाना और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जागरूक करना रहा।






