दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत ग्याणा में गत रात तेंदुए के हमले में 50 वर्षीय व्यक्ति हीरा सिंह ठाकुर की मौत हो गई। पंचायत प्रधान संतोष से मिली जानकारी के अनुसार हीरा सिंह ठाकुर अपने घर के समीप ही वेल्डिंग की दुकान चलाते थे। जानकारी के अनुसार हीरा सिंह मंगलवार रात करीब 9 बजे तक दुकान पर काम करते रहे। उनकी बेटी करीब 9 बजे उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने दुकान पर आई। उन्होंने बेटी को यह कहकर घर भेज दिया कि वह थोड़ी देर में घर आ रहे हैं। इसके बाद घर वाले उनका खाना खाने के लिए इंतजार करते-करते सो गए। सुबह जब हीरा सिंह न तो घर पर दिखाई दिए और न ही उस स्थान पर मिले, जहां वह सुअरों की रखवाली के लिए बरामदे में सोते थे, तो उनकी पत्नी रीता उन्हें देखने दुकान पर गईं। वहां दुकान के अंदर ही हीरा सिंह का शव मिला। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने दुकान के अंदर घुसकर हीरा सिंह पर घातक हमला किया, जिसका रात में किसी को पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही दाड़लाघाट पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को
पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की ले जाया गया। वहां जख्मों में लोहे के कण पाए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया। आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास पिंजरा लगा दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।






