दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत रौड़ी और अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि मार्कंडेश्वर मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल सोलन के सहयोग से ग्राम पंचायत भवन रौड़ी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 115 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, विभिन्न जांच और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। शिविर में स्त्री रोग, बाल रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, एमडी फिजिशियन और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने लोगों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। शिविर में बीपी, शुगर और ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच भी निःशुल्क की गईं और जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रधान रौडी मधु ठाकुर, अदाणी सीमेंट के नॉर्थ क्लस्टर फाइनेंस हेड सचिन चतुर्वेदी, सुरक्षा प्रमुख ललित पांडे, कशलोग लाइमस्टोन खान एवं खनिज से जुड़े बृजेश शर्मा, डॉ. सर्वेश, डॉ. आशुतोष वर्मा और रमेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भारतीय खान ब्यूरो देहरादून क्षेत्र की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। डॉ. सर्वेश ने शिविर में लोगों की अधिक भागीदारी के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने के लिए समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। रौड़ी, खाता, सुल्ली, बटेड, बागा, नौणी और दाड़लाघाट क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को भविष्य में ऐसे शिविरों से जोड़ने पर जोर दिया गया। अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के स्वास्थ्य परियोजना समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने
कहा कि स्वास्थ्य शिविरों में लोगों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए फाउंडेशन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। पंचायत प्रधान मधु ठाकुर ने ग्राम पंचायत भवन में शिविर आयोजित करने के लिए सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया और शिविर में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। इस मौके पर पुष्पा ठाकुर, वंदना शर्मा, सुनीता देवी, बिमला देवी, रीनू देवी, हर्षा देवी, सीता नेगी, स्नेहलता शर्मा, सोमा देवी, रेनू वर्मा और पूजा शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






